उपग्रह प्रौद्योगिकी दिवस पर गयादीन विश्वकर्मा इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
थरवई / उपग्रह प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर भारत के प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट के प्रक्षेपण की 50 वीं वर्षगांठ स्वर्ण जयंती महोत्सव के रूप में विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं गर्व के साथ मनाई गई। 19 अप्रैल 1975 को भारत ने अपने प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट का सफल प्रक्षेपण किया था, जो देश की वैज्ञानिक प्रगति एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में प्रतिवर्ष उपग्रह प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर विद्यालय ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा आयोजित इंडिया स्पेस वीक के लाइव वेबिनार में सहभागिता सुनिश्चित की। इस वेबिनार में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य महोदय के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ जिसमें उन्होंने छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, नवाचार में रुचि लेने तथा देश की प्रगति में योगदान देने हेतु प्रेरित किया। इसके पश्चात लाइव वेबिनार के माध्यम से छात्रों को इसरो की स्थापना, आर्यभट्ट उपग्रह के निर्माण एवं प्रक्षेपण, तकनीकी पहलुओं, वैज्ञानिकों के योगदान तथा भारत की अंतरिक्ष यात्रा के ऐतिहासिक क्षणों से अवगत कराया गया। वेबिनार के दौरान छात्रों ने अत्यंत उत्सुकता एवं जिज्ञासा के साथ विविध प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर विशेषज्ञों द्वारा सटीक एवं सराहनीय ढंग से प्रदान किया गया। इससे छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि एवं उत्साह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष विज्ञान में प्रगति की जानकारी प्राप्त हुई बल्कि उनके भीतर वैज्ञानिक सोच के विकास की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल हुई। साथ ही कार्यक्रम ने यह भी सिखाया कि लगन, परिश्रम व आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन एवं इंडिया स्पेस वीक को इस प्रेरणास्पद एवं ज्ञानवर्धक आयोजन हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया। निश्चित रूप से ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना का विकास होता है तथा वे देश की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं।
कृष्णा मोहन मौर्या ( सच खबरें ) 8756586299
Comments
Post a Comment