जल्द हो सकता है योगी मंत्रिमंडल का विस्तार ,कुछ की छुट्टी है संभव


लखनऊ।  योगी आदित्यनाथ कैबिनेट के दो मंत्रियों के निधन के बाद खाली जगह को जल्दी ही भरा जाएगा। इसके संकेत भी मिलने लगे हैं। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में दो से तीन नये चेहरों को मौका मिल सकता है, इनमें से एक चेहरा नवनिर्वाचित विधायकों में से भी एक हो सकता है। योगी आदित्यनाथ सरकार में वर्तमान समय में मुख्यमंत्री को लेकर कुल 54 मंत्री हैं। इनमें 23 कैबिनेट, नौ स्वतंत्र प्रभार तथा 22 राज्यमंत्री हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ जल्दी ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों को प्रोन्नत करने के साथ ही चार-पांच नये मंत्रियों को शपथ भी दिलाने के संकेत मिल रहे हैं। दो कैबिनेट मंत्रियों चेतन चौहान तथा कमल रानी वरुण के निधन के बाद से जगह खाली ही है। माना जा रहा है कि शिक्षक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य पद के लिए हो रहे चुनाव के निपट जाने के बाद योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का आकार भी बढ़ेगा। इसको लेकर मंथन शुरू हो गया है।प्रदेश में 2022 में विधानसभा के चुनाव की तैयारी के क्रम में भी अब प्रदेश की भाजपा सरकार का यह अंतिम मंत्रिपरिषद का विस्तार होगा। इसमें न केवल जातीय समीकरणों के हिसाब से समायोजन होगा, बल्कि क्षेत्रीय असंतुलन दूर करने की कोशिश होगी। जिसमें से कुछ पुराने चेहरों को बाहर भी किया जा सकता है। उप चुनाव में अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र से प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चेतन चौहन की पत्नी संगीता चौहान जीत गईं। बुलंदशहर में दिवंगत विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही की पत्नी ऊषा सिरोही भी उपचुनाव जीत गईं। इन दोनों में से किसी एक मंत्री बनाया जा सकता है। कमल रानी वरुण के निधन के बाद मंत्रिमंडल में महिलाओं की तादाद अपेक्षाकृत कम हो गई है। अब इस संख्या को तीन से बढ़ा कर चार किया जा सकता है।सात सीटों पर हुए उप चुनाव में इनके अलावा उन्नाव के बांगरमऊ से श्रीकांत कटियार, कानपुर के घाटमपुर से उपेंद्रनाथ पासवान, देवरिया के देवरिया सदर से डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी तथा फिरोजाबाद के टूंडला से प्रेमपाल धनगर ने जीत दर्ज की है। 
मल्हनी से मिली हार के लिए जिम्मेदार मंत्रियों की समीक्षा संभव है। 

Comments

Popular posts from this blog

सनबीम स्कूल के शिक्षक पर दिन दहाड़े जानलेवा हमला

वार्षिकोत्सव एवं ओपन जिम उद्घाटन समारोह कार्यक्रम हुआ आयोजित

चार पहिया व सभी भारी वाहन मालिक जल्द से जल्द अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा ले। एआरटीओ जौनपुर